फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम हुड्डा ने खुद के लिए फांसी क्यों मांगी?

Sat, 04 Oct 2014 10:45 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा के सियासी समर में आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को अपने हलके गढ़ी सांपला किलोई में रोड शो पर निकले मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
विज्ञापन


उन्होंने पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इनेलो नेता कह रहे हैं कि वे इसलिए जेल में हैं कि उन्होंने प्रदेश के 3200 युवकों को नौकरी दी। अगर लोगों को नौकरी देने पर कैद होती है तो मुझे तो फांसी पर चढ़ाया जाएगा, क्योंकि उन्होंने इनेलो सरकार से कहीं ज्यादा नौकरियां दी हैं।

कहा, इनेलो प्रमुख इसलिए जेल में हैं कि  उन्होंने नौकरी देने में धांधली की। चयन किसी का दिखाया और नियुक्ति किसी और की। वहीं, मोदी सरकार को केवल वादों की सरकार बताया। आरोप लगाया कि नीतिगत तौर पर भाजपा कभी भी गरीब, किसान और मजदूर की पार्टी नहीं रही। प्रदेश का जनता महंगाई की मार झेल रही ही है तो किसान को धान और कपास में भारी नुकसान हो रहा है।
विज्ञापन


मोदी सरकार के तीन महीनों में ही सच्चाई सामने आ गई है, इसलिए उपचुनाव में भाजपा की हार हुई। भाजपा के पास प्रदेश में सीएम उम्मीदवार नहीं है और इनेलो सुप्रीमो सीएम बन नहीं सकते। ऐसे में उनकी जनता को उन्हीं का साथ देना चाहिए।

विपक्ष पर निशाना, रूठों को मनाने की बात

प्रचार रथ पर सवार सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को अपने हलके में पहुंचे तो विपक्ष पर निशाना साधने के साथ रूठों को मनाने की बात भी कही।

गढ़ में चौधर बचाने की दुहाई दी तो 4 अक्टूबर को महम में सोनिया गांधी की रैली का न्यौता देना भी नहीं भूले। गढ़ी-सांपला-किलाई और कलानौर हलके में हुए रोड शो में सीएम हर गांव में करीब 10-10 मिनट बोले, पर सधे हुए शब्दों में। यहां से पूरे जिले के कार्यकर्ताओं को रूठों को मनाने और चौधर बचाने की जिम्मेदारी दी।

कहा, अपने जिले में ही नहीं, साथ लगते हलकों में भी प्रचार में उतरे। वे कैथल में पीएम कार्यक्रम में हुई हूटिंग को भी भुनाना नहीं भूले। हलके में कार्यकर्ताओं का जोश और माहौल देख सीएम भी विपक्ष पर जमकर बरसे। कहा, मैंने 80 हजार नौकरियां दी हैं।

अगर ओमप्रकाश चौटाला 3200 नौकरी देने के कारण जेल में हैं तो उन्हें तो फांसी की सजा दी जाएगी। कहा, इनेलो प्रमुख इसलिए जेल में हैं कि उन्होंने नौकरी देने में धांधली की। चयन किसी का दिखाया और नियुक्ति किसी और की।

मोदी सरकार केवल वादों की सरकार

हुड्डा ने मोदी सरकार को केवल वादों की सरकार बताया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का नाम ले आरोप लगाया कि नीतिगत तौर पर भाजपा कभी भी गरीब, किसान और मजदूर की पार्टी नहीं रही।

व्यक्ति विशेष के नाम पर सत्ता में आई भाजपा की हकीकत 3 माह में ही सामने आ गई। प्रदेश की जनता महंगाई की मार झेल रही ही है तो किसान को धान और कपास में भारी नुकसान हो रहा है। अपनी नीतियों का परिणाम भाजपा अलग-अलग प्रदेशों में हुए उपचुनाव में भुगत चुकी है।

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के तिहाड़ जेल से सीएम की शपथ लेने के बयान पर मुख्यमंत्री हुड्डा ने चुटकी ली। कहा, तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता तो सीएम होते हुए जेल चली गई हैं। वहीं, हमारे पूर्व मुख्यमंत्री जेल में रहते हुए सीएम पद की शपथ लेने का प्रचार कर रहे हैं।

कहा, जेल से ही शपथ लेनी है तो चुनाव लड़ने की क्या जरूरत है। वहां कैदियों की विधानसभा बना लें। अगर जेल में सीएम बनने लगे तो उनसे मिलने के लिए आम आदमी को पहले कोई अपराध करना पड़ेगा, ताकि वह जेल जा सके। चुटकी ली कि इनेलो पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल का जन्मदिन भी अलग-अलग दिन मनाती है।

कहा, भाजपा के पास सीएम पद का कोई उम्मीदवार ही नहीं हैं। वहीं, इनेलो सुप्रीमो कानूनी तौर पर सीएम तो क्या विधायक भी नहीं बन सकते। ऐसे में हलके की जनता के सामने बना-बनाया सीएम खड़ा है तो उन्हें हर हाल में उनका समर्थन करना चाहिए।

'न सोएं और न दूसरों को सोने दें'

हर बार की तरह इस बार भी गढ़ में पहुंचे हुड्डा ने हर गांव में चौधर की दुहाई दी। कहा, इलाके को 40 साल बाद चौधर मिली। अब इसे बचाए रखना है या खोना है, यह आपके हाथ में हैं।

कहा, चौधर संघर्ष से मिलती है तो बचती रखवाली करने से है। कार्यकर्ताओं को चुनाव की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि मैं तो प्रदेश में प्रचार करने जा रहा हूं। अगर राज बचाना है तो 15 अक्टूबर तक न तो खुद सोएं और न ही दूसरों को सोने दे। कहा, हमने 40 साल तक दूसरों के यहां पानी भरा है। अभी 10 साल से चौधर मिली है।

इस हिसाब से 30 साल और राज रहना चाहिए। अगर दूसरी पार्टियों के प्रत्याशियों को जीता दिया तो हमें फिर से दूसरों के घरों में पानी भरना होगा।

रूठों को मनाने की भी बारी गांव-गांव रोड पर भीड़ को संबोधित करते हुए सीएम को कुछ जगहों पर लोगों की नाराजगी भी झेलनी पड़ी। कहा, कोई कमी रह गई हो तो आगे पूरा कर दिया जाएगा। अब चुनाव सिर पर है। कार्यकर्ता रूठों को मनाएं। कहा, कि उनके जिले में विपक्षी प्रत्याशी बहुत कमजोर हैं। अगर इनमें से एक भी प्रत्याशी सीएम पद की दावेदारी करे तो वे अपना पद छोड़ने को तैयार हैं। चौधर रोहतक में ही रहनी चाहिए।
विज्ञापन

सोनिया गांधी की रैली का भी न्यौता

अपने 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों में सीएम बुढ़ापा पेंशन में बढ़ोतरी को गिनाना कहीं नहीं भूले। कहा, उन्होंने तो दो-दो किल्लै (एकड़) दे दिए। बताया कि एक नवंबर 2014 से बुढ़ापा पेंशन 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है।

ऐसे में जिस घर में दो बुजुर्ग हैं, वहां एक साल में 36 हजार रुपये पेंशन पहुंचेगी। एक एकड़ को ठेका 18 से 20 हजार रुपये के करीब है। उन्होंने पेंशन बढ़ाकर दो-दो किल्लै देने का काम किया है।

4 अक्टूबर को महम में रैली
कई जगह सीएम भूल जाते तो कार्यकर्ता याद दिला देते कि उन्हें 4 अक्टूबर को महम में होने वाली सोनिया गांधी की रैली का भी न्यौता देना है। हुड्डा ने हर गांव में कार्यकर्ताओं को आधा पंडाल भरने की जिम्मेदारी सौंपी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें