माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में सोमवार रात को 9 बजे तक चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार सिर्फ निजी संपर्क के जरिए ही वोट मांग सकते हैं। छात्र संगठनों की ओर से पीयू और कॉलेजों में उम्मीदवार के पोस्टर लगाने से लेकर रैली और भीड़ एकत्रित करने पर पाबंदी रहेगी। पीयू और कॉलेजों में कोड ऑफ कंडक्ट लगने के बाद एक जगह पर संगठन के स्टीकर लगाकर चार-पांच से अधिक छात्र एकत्रित नहीं हो सकते हैं।
उम्मीदवारों के पास चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ सोमवार का ही समय है। इसी में उन्हें कक्षाओं से लेकर छात्रावासों तक विद्यार्थियों से संपर्क साधना होगा। इसी समय में छात्र संगठन चारों पैनल के वोट के लिए रणनीति बनाते हैं। इसके साथ ही एक-एक छात्र से निजी तौर पर संपर्क कर अपना पैनल कोड याद करवाते हैं। वहीं इन दो दिनों में छात्र संगठन सोशल मीडिया, व्हाट्सएप्प, सोशल मीडिया ग्रुप और फोन कॉल्स के जरिए चुनाव प्रचार कर सकते हैं।
स्टीकर लगाने और नारेबाजी करने पर रहेगी पाबंदी
पीयू और कॉलेजों में सोमवार रात 9 बजे के बाद स्टीकर लगाने और नारेबाजी करने को लेकर पाबंदी रहेगी। डीएसडब्ल्यू प्रो. जतिंदर ग्रोवर ने बताया कि छात्रसंघ चुनावों से 48 घंटे पहले सोमवार रात को कोड ऑफ कंडक्ट लग जाएगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।