सभी तरह की अटकलों पर विराम लगाते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी शकील अहमद ने लुधियाना और चंडीगढ़ के संभावित प्रत्याशी का नाम उजागर कर दिया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी शकील अहमद ने कहा है कि मनीष तिवारी कांग्रेस के बड़े नेता हैं और वह लुधियाना से ही चुनाव लड़ेंगे।
इसके साथ ही चंडीगढ़ से पवन बंसल को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने यह भी कहा कि पवन बंसल को चंडीगढ़ से नजरअंदाज करने का कोई मतलब नहीं है।
मंगलवार को कांग्रेस और पीपीपी के गठबंधन के मौके पर बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में कुछ देर से ही पहुंच सके शकील अहमद ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि सीबीआई भी कह चुकी है कि पवन बंसल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में रिट पिटीशन भी खारिज हो चुकी है। शकील अहमद ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अगले तीन-चार दिन में कर दी जाएगी।
कांग्रेस और पीपीपी के बीच हुए समझौते को उन्होंने कांग्रेस के हित में बताते हुए कहा कि पंजाब में यह समझौता बढ़िया है। उन्होंने कहा कि हर राज्य की अलग परिस्थितियां होती हैं, पंजाब में यही परिस्थितियां हैं।
पंजाब में कांग्रेस के समर्थन से पीपीपी प्रधान मनप्रीत बादल बठिंडा सीट से चुनाव लड़ेंगे जबकि प्रदेश में बाकी लोकसभा सीटों पर पीपीपी द्वारा कांग्रेस को समर्थन दिया जाएगा। दोनों पार्टियां जल्दी ही अपना साधा घोषणा पत्र भी जारी करेंगी।