आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां आरंभ कर दी हैं। आज से शहर में भाजपा का एक नोट कमल को वोट अभियान शुरू हो गया है।
18 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में लोगों को घर-घर जाकर पार्टी का संदेश दिया जाएगा। पार्टी कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में इस अभियान की घोषणा की थी। इस दौरान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन और प्रभारी आरती मेहरा विशेष रूप से उपस्थित थीं। पार्टी ने एक बॉक्स भी रिलीज किया।
इस बॉक्स में जनता से एक नोट लिया जाएगा और साथ ही वोट मांगकर पार्टी को जिताने की अपील की जाएगी। लोगों को पार्टी की विचारधारा के साथ जोड़ने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
शहर के490 पोलिंग बूथों पर यह अभियान चलाया जाएगा और पार्टी के सभी मंडल पदाधिकारी इसके साथ जुड़ेंगे। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन भी इस अभियान में शामिल होंगे।
इस मौके पर संसदीय सीट केपालक रघुबीर लाल अरोड़ा, संयोजक अरुण सूद, प्रदेश महासचिव चंद्रशेखर, जिला अध्यक्ष बीबी पुरी, रविकांत शर्मा, देवी सिंह व शक्तिप्रकाश देवशाली उपस्थित थे।
मोदी के मुखौटे से होगा प्रचार
भाजपा ने अब पार्टी के प्रचार के लिए नया तरीका अपनाने का फैसला किया है। पार्टी के कार्यकर्ता न सिर्फ घर-घर जाकर लोगों से मिलेंगे, बल्कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का मुखौटा भी चेहरे पर लगाएंगे। इतना ही नहीं शहर में कई जगहों पर नमो टी पार्टी का भी आयोजन किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य है कि शहर की जनता को पार्टी की विचारधारा केसाथ जोड़ा जाएगा। इस समय लोग बदलाव चाहते हैं और इसीलिए हम लोगों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हम लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की भी अपील कर रहे हैं।
संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का संदेश जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। हमारे कार्यकर्ता शहर के सभी गांवों और कालोनियों में जाकर लोगों को अपने अभियान केसाथ जोड़ेंगे।
आरती मेहरा, चंडीगढ़ प्रभारी भाजपा