हरियाणा में आठ लाख पशु किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाएंगे। सरकार चाहती है कि किसान अपनी खेतीबाड़ी के साथ-साथ डेयरी और पशुपालन व्यवसाय से जुड़े कृषि मंत्री ने भी किसानों से आह्वान किया है कि रोजगार देने वाले बनें। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल बुधवार को चंडीगढ़ से प्रदेश के किसानों से वर्चुअल संवाद कर रहे थे। उन्होंने किसानों को राज्य सरकार की नीतियों से अवगत करवाया।
दलाल ने किसानों को फसलों का विविधीकरण अपनाने के प्रति प्रेरित किया और कहा कि वे अब रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। प्रदेश सरकार ने कृषि के अलावा, पशु पालन, डेयरी व मछली पालन के क्षेत्र में कई योजनाएं शुरू की हैं। जिनका लाभ ग्रामीण क्षेत्र के युवा बखूबी उठा सकते हैं।
इससे गांव से शहर की तरफ रोजगार के लिए होने वाले पलायन को रोकने में मदद भी मिलेगी। कृषि मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार किसानों के पशु किसान क्रेडिट कार्ड बनाने पर जोर दे रही है। प्रदेश में करीब 8 लाख कार्ड बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि पशुओं के लिए राज्य सरकार द्वारा 60 हजार रुपये से लेकर तीन लाख रुपये तक का बीमा किया जाता है।