चंडीगढ़। रामदरबार फेज-2 में वीरवार देर रात गश्त कर रही पुलिस पीसीआर टीम पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में तलवारें, ईंटें और पत्थर थे। जैसे ही पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा उन्होंने गाली-गलौच करते हुए ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। गनीमत रही कि कोई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ लेकिन मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
पीसीआर में तैनात एएसआई सुरिंद्र कौर ने बताया कि उनकी टीम देर रात गश्त कर रही थी। मार्केट के पास करीब पांच-छह युवक मुंह बांधकर खड़े थे। पुलिस वाहन पास आते ही उन्होंने अचानक हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने गाड़ी पीछे कर कंट्रोल रूम को सूचना दी। हमले के बाद आरोपी भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा कर मौके से दो को दबोच लिया। बाद में छापेमारी कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों में अरमान खान, अभिषेक, विकास, निखिल उर्फ पंडता, पीयूष और शिवम उर्फ गुन्नी शामिल हैं। इसके अलावा दो आरोपी नाबालिग है। ये सभी रामदरबार फेज-2 इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।