पंजाब में बीते एक महीने से चल रहे किसान आंदोलन, गुरमीत राम रहीम की माफी और गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के चलते बवाल और गिरती कानून-व्यवस्था और कोटकपुरा में पुलिस की फायरिंग में मारे गए सिखों के मामले में सरकार ने बड़ा कदम उठाया।
बादल सरकार ने अपने करीबी और पंजाब पुलिस के डीजीपी सुमैध सैनी की छुट्टी कर दी है। अब उनकी जगह सुरेश अरोड़ा पंजाब के नए डीजीपी होंगे। बादल सरकार के चहेते सुमैध सैनी लंबे समय से बतौर डीजीपी कार्यरत थे। बादल सरकार के इस कदम को पंजाब में बवाल को रोकने के मद्देनजर डैमेज कंट्रोल के तौर पर देखा जा रहा है।
डीजीपी सुमैध सैनी कुछ समय से लगातार सिख जत्थेबंदियों के निशाने पर थे और उन्हें हटाए जाने की मांग की जा रही थी। विपक्षी दल भी कोटकपुरा की घटना के लिए सुमैध सैनी को जिम्मेदार ठहरा रहे थे।
सुमेध सैनी को पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का चेयरमैन बनाया गया है। इससे पहले भी 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त भी डीजीपी सुमेध सैनी के छुट्टी पर चले जाने की वजह से सुरेश अरोड़ा को कुछ दिनों के लिए पंजाब पुलिस का डीजीपी नियुक्त किया गया था।