चंडीगढ़ में सुखपाल खैरा (पीली पगड़ी में) के घर पहुंची ईडी की टीम।
- फोटो : अजय वर्मा
पंजाब के विधायक और पंजाब एकता पार्टी के प्रधान सुखपाल सिंह खैरा के चंडीगढ़ सेक्टर पांच स्थित आवास पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा। जानकारी के अनुसार यह छापा धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के आरोप में पड़ा है।
ईडी की टीम सुबह ही खैरा के घर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं खैरा के वकील सरताज सिंह ने आरोप लगाया कि ईडी की टीम ने उन्हें अंदर नहीं आने दिया। टीम कागज खंगाल रही है लेकिन किस मामले में ये कार्रवाई हुई है, इस बारे में हमें अभी मालूम नहीं है। इसके अलावा खैरा के भुलत्थ स्थित आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। वहां भी कार्रवाई जारी है।
ईडी की कार्रवाई पर सुखपाल खैरा ने कहा कि जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और चुप करवाया जाता है। विपक्षी सदस्य के तौर पर मेरे साथ यह पहली बार नहीं हो रहा है। पहले भी ऐसा हो चुका है। लेकिन मैं और मेरे पिता हमेशा सच के लिए लड़े हैं। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है।
भुलत्थ से आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने सुखपाल सिंह खैरा ने बाद में विधानसभा से भी इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया था। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने अपनी पंजाब एकता पार्टी बना ली थी। बाद में उन्होंने पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस के साथ समझौता किया था। हालांकि बाद में उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया था।