हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के दादा ओमप्रकाश चौटाला की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की पंचकूला और सिरसा स्थित प्रॉपर्टी अटैच कर दी। इस समय ओपी चौटाला जेबीटी मामले में जेल में हैं।
पंचकूला में ईडी ने मनसा देवी कांप्लेक्स, सेक्टर-4 स्थित कोठी नंबर-6 (पी) को अटैच कर दिया। साथ ही कोठी के बाहर चेतावनी बोर्ड भी लगाया। इस पर चंडीगढ़ जोनल ऑफिस डायरेक्टोरेट ऑफ इंफोर्समेंट के डिप्टी डायरेक्टर के आदेश पर लिखा गया है कि अटैच की गई 846 स्क्वायर मीटर की यह प्रॉपर्टी ओम प्रकाश चौटाला सुपुत्र देवी लाल ने खरीदी थी।
अब यह प्रॉपर्टी प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट 2002 की धारा 8 (4) के तहत ईडी के कब्जे में है। यहां अनाधिकृत रूप से घुसने वाले (ट्रेसपासर्स) के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। वहीं सिरसा में तेजाखेड़ा निवास स्थित चौटाला फार्म हाउस को अटैच कर दिया। टीम में करीब पांच अधिकारी मौजूद थे।
बुधवार को प्रॉपर्टी अटैच करने की कार्रवाई ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर दीपक कुमार और उनकी टीम के अन्य कर्मचारियों ने की। इस दौरान उनके साथ सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के कर्मचारी भी थे। सुबह 11 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई करीब तीन घंटे चली।
चौटाला परिवार का कोई भी सदस्य तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर उपस्थित नहीं था। यह फार्म हाउस 198 कनाल 15 मरले का है। उसका भी 50 प्रतिशत हिस्सा सील कर दिया गया है। चौटाला परिवार के विभाजन के बाद इस फार्म हाउस पर पैरोल मिलने पर ओपी चौटाला ही आते हैं या फिर अभय सिंह चौटाला अपने परिवार सहित आते हैं।
एक साल पहले ईडी ने मांगा था अजय और अभय की संपत्तियों का ब्योरा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के बेटे अजय चौटाला व अभय चौटाला की संपत्ति का विवरण मई 2019 में भी मांगा था। तब राजस्व विभाग से डबवाली की सात व सिरसा की 6 प्रॉपर्टी की जानकारी मांगी थी। ईडी के पत्र में कहा गया था कि यदि इस संपत्ति में कोई बदलाव का प्रयास होता है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन सहित ईडी को दी जाए।
सिरसा जिले के डबवाली में चौटाला मार्ग पर 14 कनाल जमीन पर आबकारी एवं कराधान विभाग खसरा नंबर 476 व 477 की सेल डीडी मांगी थी। सिरसा में सूरज सिनेमा के सामने डबवाली रोड पर शिवाजी कालोनी में 590 स्कवेयर यार्ड का व्यावसायिक भवन है। डबवाली में चौटाला मार्ग पर स्थित बिल्डिंग में कर्ण ऑटो मोबाइल के नाम से बाइक एजेंसी चल रही है।
गांव शेरगढ़ में 6 कनाल 4 मरला जमीन है। डबवाली में चौटाला मार्ग पर बिल्डिंग में डीपीएआरडी बैंक लिमिटेड की शाखा चल रही है। साथ ही चौटाला गांव में जमीन का विवरण भी मांगा था। गांव अबूबशहर स्थित अबूब फार्म हाउस से संबंधित रिकॉर्ड भी मांगा था। नई मंडी डबवाली में स्थित 750 यार्ड एरिया का विवरण मांगा था।
गांव तेजाखेड़ा में चार कनाल जमीन सहित गांव शेरगढ़ में 8 कनाल 13.15 मरला कृषि योग्य भूमि की जानकारी मांगी थी। कहा गया था कि यदि इनके मालिकाना हक में किसी भी प्रकार का बदलाव किया जाता है तो उसकी जानकारी तुरंत दें।
सिरसा में हैं चौटाला परिवार की दो रिहायशी कोठियां
चौटाला परिवार की सिरसा में दो रिहायशी कोठियां हैं। राम कालोनी स्थित कोठी अजय चौटाला की है, जिसमें उनका परिवार रहता है। इस कोठी का रिकार्ड भी ईडी ने तलब किया हुआ है। इसके अतिरिक्त तीन लाख 953 वर्ग गज में बनी जेसीडी विद्यापीठ, भंभूर की 2001 व 2002, बरनाला रोड पर फिलिंग स्टेशन से संबंधित जमीन की सेल डीड व अन्य ब्योरा ईडी तलब कर चुका है।
वहीं, इनेलो नेता व ऐलनाबाद के विधायक अभय चौटाला की डबवाली रोड पर कोठी है। चौटाला परिवार में दरार आने के बाद अभय डबवाली रोड पर ही पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हैं। जबकि दुष्यंत चौटाला राम कालोनी स्थित कोठी पर बैठक करते हैं। जब परिवार एकजुट था तो इनेलो की बैठकें राम कालोनी वाली कोठी में ही होती थीं।
दीपावली पर चौटाला परिवार पहुंचता है तेजाखेडा फार्म हाउस
दीपावली पर चौटाला परिवार के सदस्य तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर ही पार्टी कार्यकर्ताओं से राम-राम करते हैं। यह फार्म हाउस पुराना था, लेकिन इनेलो के सत्ता में आने के समय इसे जीर्णोद्वार किया गया। जेल जाने से पहले ओपी चौटाला परिवार के सदस्यों के साथ होली व दीपावली पर तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते थे। यह परंपरा अब भी चली आ रही है। ओपी चौटाला के बाद अभय सिंह चौटाला त्योहारों पर पार्टी कार्यकर्ताओं से तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर राम-राम करते हैं।
यह है मामला
बता दें कि आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व सीएम ओपी चौटाला, अजय चौटाला और अभय चौटाला पर केस चल रहा है। यह मामला कांग्रेस नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला की शिकायत पर दर्ज किया गया था। 26 मार्च 2010 को सीबीआई ने चौटाला के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर 6.9 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति होने की बात कही थी। यह केस अभी कोर्ट में चल रहा है।