भूकंप आने के बाद कार्यालयों से बाहर निकले लोग
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब और चंडीगढ़ में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। कई शहरों में धरती ऐसे डोली कि लोग दहशत में आ गए। भूंकप की तीव्रता 4.6 बताई जा रही है। चंडीगढ़ में मंगलवार शाम भूकंप के दो झटके महसूस हुए। भूकंप की तीव्रता कम होने से कोई नुकसान नहीं हुआ।
भूकंप का केंद्र पीओके रहा। लोगों को जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए तो वह घर, दुकान व ऑफिसों से बाहर खुले आसमान के नीचे आ खड़े हुए। इस दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। लोगों ने अपने चिर-परिचितों को फोन कर हाल जानना शुरू कर दिया।
हर दिन की तरह लोग अपने घर, दुकान, ऑफिसों में काम कर रहे थे। कोई ट्रैवल कर रहा था तो कोई अन्य कार्य। शाम 4 बजकर 31 मिनट 58 सेकेंड पर अचानक भूकंप आ गया। कुछ लोगों को घड़ी तो कुछ को कुर्सी आदि हिलते दिखी। यह देखकर वह घरों से बाहर आ गए। दोस्तों व परिवार के अन्य लोगों को फोन करके खुले आसमान के नीचे आने की सलाह दी।
चंडीगढ़ के सेक्टर 36 स्थित बीबीएमबी कॉलोनी निवासी राजवीर ने बताया कि वह घर में पढ़ाई कर रहे थे। सामने रखे पानी के गिलास में पानी हिलता दिखा तो मैं बाहर की ओर दौड़ा और अन्य लोगों को भी बाहर आने को कहा। देखते ही देखते पूरी कालोनी के लोग बाहर आ गए।
बाहर आने के बाद भी एक और भूकंप का झटका महसूस हुआ। इसी तरह चंडीगढ़ के अन्य इलाकों के लोग भी बाहर आ गए। काफी देर तक वह घर व दुकानों से बाहर रहे। पंजाब में बटाला, फिरोजपुर, पठानकोट और फिरोजपुर में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।