भूकंप के भय से लोग रात तीन बजे घरों से निकले बाहर
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजपुर में भूकंप की खबर सुनकर रात तीन बजे से ही लोग अपने घरों के बाहर आ कर खड़े हो गए। यही नहीं गुरुद्वारों व मंदिर से भी भूकंप के आने की सूचना लोगों को दी गई। भूकंप सुबह लगभग 05.34 बजे आया। बहुत से लोग पहले से ही घरों के बाहर थे।
जानकारी के अनुसार रात तीन बजे रिश्तेदारों व दोस्तों ने मोबाइल के जरिए भूकंप की सूचना देना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे लोगों को भूकंप के बारे में जानकारी मिलती गई लोग घरों के बाहर आकर खड़े हो गए। गांव इच्छेवाला के गुरुद्वारे से लोगों को भूकंप आने की सूचना रात तीन बजकर 20 मिनट पर दी गई।
लगभग क्षेत्र के अधिकांश लोग रात तीन बजे ही जाग गए। सूचना दी गई थी कि भूकंप सुबह साढ़े चार बजे आएगा और उसके झटके जबरदस्त होंगे। भूकंप सुबह 05.34 बजे आया। भूकंप के झटके महसूस करते ही बाकी लोग भी घरों से बाहर निकलकर खुले इलाके में एकत्र हो गए।