जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एसएस फुलिया ने जिला सचिवालय में वीरवार को राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण रूप से चुनाव कराने में सहयोग देने की अपील की।
साथ ही इस बार यह भी निर्णय लिया गया है कि प्रचार के दौरान हर पार्टी प्रत्याशी के साथ प्रशासन की तरफ से दो-दो वीडियोग्राफर होंगे और पल-पल की गतिविधियों को कैमरे में कैद करेंगे।
डा. फुलिया ने कहा कि सभी दलों के प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के उपमंडल अधिकारी एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, पंचकूला व कालका से लाउड स्पीकर की स्वीकृति लिखित रूप में लें।
रैली, बैनर, होर्डिंग्स, पोस्टर और अन्य चुनाव प्रचार सामग्री लगाने के लिए शीघ्र ही जगह निर्धारित की जाएंगी। सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को आदर्श चुनाव आचार संहिता की प्रतियां भी वितरित की गईं।
आचार संहिता
कोई भी पार्टी बगैर अनुमति लिए किसी के मकान पर पोस्टर, बैनर व अन्य चुनाव सामग्री नहीं लगा सकती है।
कोई भी पार्टी अपने भाषणों में किसी पर निजी तौर पर कटाक्ष नहीं करेंगे और न ही जातपात पर किसी प्रकार का अपशब्द का उपयोग करेंगे।
कोई भी राजनीतिक दल या उसके समर्थक मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे तक किसी प्रकार की चुनाव गतिविधि नहीं करेंगे।
प्रशिक्षण
28 मार्च को इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे व दोपहर बाद एक बजे दो चरणों में पोलिंग अधिकारी एवं पीठासीन अधिकारियों को चुनाव से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सभी मतदान केंद्रों पर 01-01-14 के आंकड़ों के आधार पर फोटो युक्त मतदाता सूची उपलब्ध होगी।
पैनी नजर
सभी चुनाव गतिविधियों की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी।
निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त शेडो ऑबजर्वर चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
पर्यवेक्षक चुनावी खर्च की जांच करेंगे।
जिला सचिवालय में चुनाव से संबंधित नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है, जिसका टेलीफोन नंबर 2568311 है। आचार संहिता के उल्लंघन का आम लोग भी इस नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।