चंडीगढ़। नगर निगम ने सेक्टर-41 कृष्णा मार्केट के पास लगा कचरे के ढेर को हटाने के साथ ही 2 कर्मचारियों को भी तैनात कर दिया है। अब यह कर्मचारी सुबह 10 से शाम 5 बजे तक वहीं तैनात रहेंगे। कचरा उठाने के साथ ही दवा का छिड़काव भी करेंगे। इस समस्या को अमर उजाला ने 4 जुलाई के अंक में 'एप पर शिकायत न करो, हम आपसे आकर मिल लेंगे' शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
सेक्टर-41 स्थित कृष्णा मार्केट के पीछे सफाई कर्मचारी प्रतिदिन कचरे का ढेर लगा देते थे। दुकानदार कई बार कचरा रखने के लिए मना करते रहे, लेकिन कर्मचारी कचरा उठाकर ले जाने की बात कह कर बात टालते रहे। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो दुकानदार पंकज ने स्वच्छता एप पर बीते शनिवार को कचरे के ढेर की फोटो डाल दी।
उसके बाद सोमवार को कुछ सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कचरा हटाने की खानापूर्ति कर शिकायतकर्ता को फोन पर बताया कि सफाई हो गई है। शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचा तो कचरा वैसे का वैसे पड़ा था। शिकायतकर्ता ने कर्मचारी को फोन कर कहा कि कचरा तो यहीं पड़ा है तो कर्मचारी ने कहा कि स्वच्छता एप पर फोटो मत डालिए मैं कल आकर आपसे मिल लेता हूं। इस पूरे मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया, तो कचरा भी तत्काल साफ हो गया।