सेक्टर-26 के अस्पताल में डॉक्टरों व स्टाफ की भारी किल्लत
पुलिसकर्मी परिवार निजी क्लीनिकों में भटक रहे
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित पुलिस अस्पताल में अव्यवस्था चरम पर है। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सेवा के लिए बने इस अस्पताल में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी के कारण कई विभागों के वार्ड बंद हो गए हैं। आंखों की जांच के लिए लगाई लाखों की मशीन भी बंद है जबकि गायनी, मेडिसिन व पीडियाट्रिक वार्ड पर ताला लटका है। मरीजों को इलाज के नाम पर निजी क्लीनिकों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऑडिट रिपोर्ट ने खुलासा किया है कि करोड़ों की मशीनें बेकार पड़ी हैं जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ की कमी पुरानी समस्या है लेकिन पुलिस अस्पताल की स्थिति और भी चिंताजनक है। यहां कुल छह मेडिकल ऑफिसर के पद स्वीकृत हैं लेकिन केवल दो डॉक्टर तैनात हैं। सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट व तकनीकी स्टाफ के कई पद रिक्त पड़े हैं। फरवरी 2020 में लगाई लगभग 6.97 लाख रुपये की स्लिट लैंप मशीन नेत्र विशेषज्ञ की कमी के चलते 2021 से बंद है। यह मशीन सेफ कस्टडी में धूल फांक रही है जबकि मरीज आंखों की जांच के लिए भटक रहे हैं।
गायनी-पीडियाट्रिक वार्ड पर ताला
ऑडिट में सामने आया कि गायनकोलॉजी, मेडिसिन व पीडियाट्रिक वार्ड 2019 से 2023 तक बंद रहे। इन वार्डों के बंद होने से महिलाओं व बच्चों के इलाज पर संकट मंडरा रहा है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि डॉक्टरों व स्टाफ की कमी के कारण ये विभाग निष्क्रिय हैं। पद भरने की प्रक्रिया चल रही है लेकिन मरीजों को अब भी निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
डेंटल एक्स-रे मशीन भी खराब, बदलाव की प्रक्रिया अधर में
डेंटल विभाग में नवंबर 2010 में स्थापित डिजिटल एक्स-रे मशीन जून 2022 से बंद पड़ी है। सर्विस इंजीनियर की रिपोर्ट के मुताबिक, मशीन अपनी आयु पूरी कर चुकी है और इसे बदलना जरूरी है। अस्पताल प्रशासन ने कंडेमनेशन प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है, लेकिन नई मशीन की खरीद अभी तक शुरू नहीं हुई। इससे दंत चिकित्सा सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
इनसेट -
पद
स्वीकृत पद
मौजूदा तैनाती
रिक्त पद
मेडिकल ऑफिसर (डॉक्टर)
6
2
4
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर
4,
1
3
फार्मासिस्ट
2,
1
1
लेबोरेटरी तकनीशियन
2,
1,
1
रेडियोग्राफर
1,
0,
1
डेंटल सर्जन
1,
1,
0
हेल्थ विजिटर / वार्ड अटेंडेंट
5,
2,
3
कोट -
पुलिस अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए प्रक्रिया जारी है। जल्द ही कमियों को दूर कर दिया जाएगा।
-मंजीत श्योराण, एसपी हेडक्वार्टर
कोट - पुलिस अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए प्रक्रिया जारी है। जल्द ही कमियों को दूर कर दिया जाएगा।
मंजीत श्योराण, एसपी हेडक्वार्टर