13 फरवरी को दिन बृहस्पतिवार और पुष्य नक्षत्र होने के कारण गुरु पुष्य योग बन रहा है। साथ ही चंडीगढ़ की राशि भी मीन है और मीन राशि का स्वामी बृहस्पति है, इसलिए यहां के लोगों के लिए यह योग काफी लाभदायक है।
यह कहना है सेक्टर-30 के भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्र का। उनका कहना है कि इस बार 13 फरवरी को गुरु पुष्य योग बन रहा है।
वीरवार सात बजकर 10 मिनट पर चंडीगढ़ में सूर्योदय कुंभ लग्न में हो रहा है। लग्न का स्वामी शनि उच्च हो होकर नवम स्थान में है।
इसलिए 13 फरवरी जिसका शनि या बृहस्पति वर्ष का स्वामी हो या उस दिन जन्म हो तो गुरु पुष्य योग में बृहस्पति का विशेष पूजन करने से लक्ष्मी की प्राप्ति, नौकरी में प्रमोशन, राज पक्षों से लाभ और कार्यों में उन्नति होती है।
सेक्टर-38 के श्री सनातन धर्म मंदिर के पुजारी उमाशंकर पांडेय का कहना है कि गुरु पुष्य योग पर बृहस्पति की पूजा से अपनी मनोवांछित इच्छा पूरी होगी।
चने की दाल, गुड़ और जल में हल्दी मिलाकर केले के पेड़ पर चढ़ाने से विद्या, यश, आयु और धन की वृद्धि होती है। गुरु पुष्य योग में सोना-चांदी खरीदने से परिवार में खुशी होती है।
सेक्टर-18 के श्री राधाकृष्ण मंदिर के पुजारी लाल बहादुर दुबे ने बताया कि इस दिन विद्या का आरंभ, गृह प्रवेश, मकान खरीदना, वाहन खरीदना बहुत ही शुभ है। भूमि पूजन शुभ होता है।