केंद्र सरकार ने एक मई से देशभर में 18 से 44 साल तक के लोगों को वैक्सीन देने का निर्णय लिया था, लेकिन चंडीगढ़ में यह टीकाकरण शुरू नहीं हो पाएगा। शुक्रवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के साथ हुई चर्चा के बाद उनके सलाहकार मनोज परिदा ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के पास अभी युवाओं को देने के लिए वैक्सीन नहीं है। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री ने भी वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण तय समय से शुरू न हो पाने की बात कही थी।
मनोज परिदा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि चंडीगढ़ के पास वैक्सीन खत्म हो चुकी है। कोरोना वैक्सीन की करीब एक लाख डोज शहर में उपलब्ध है, लेकिन ये वैक्सीन सिर्फ 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को पहली और दूसरी डोज देने के लिए है। टीकाकरण कार्यक्रम के तीसरे चरण के तहत युवाओं को वैक्सीन देने के लिए शहर के पास वैक्सीन अभी नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही वैक्सीन उपलब्ध होगी, शहर में टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।
हालांकि, प्रशासन ने सलाह दी है कि 18 से 44 वर्ष के बीच के लोग कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराना जारी रखें, ताकि वैक्सीन के आते ही टीका लगाया जा सके। गौरतलब है कि टीकाकरण के लिए प्रशासन की ओर से सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को टीके की एक लाख डोज की सप्लाई का ऑर्डर भेजा जा चुका है। कंपनी ने 2 से 3 दिन के अंदर आपूर्ति करने को कहा है।
फ्री में लगेगी वैक्सीन या चुकाने होंगे पैसे, अब तक स्पष्ट नहीं
प्रशासन ने टीकाकरण कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया है, लेकिन शुक्रवार तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि युवाओं को वैक्सीन मुफ्त में लगेगी या इसके लिए पैसे चुकाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार की ओर से प्रशासन को कोई निर्देश नहीं मिले हैं। प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा का कहना है कि इस बारे में केंद्र सरकार ने फैसला लेना है, वह जो भी फैसला लेंगे, चंडीगढ़ में लागू किया जाएगा। हालांकि, प्रदेश भाजपा ने पंजाब-हरियाणा की तरह शहर में भी मुफ्त में वैक्सीन लगवाने की मांग की है।