सरकार की लापरवाही से खुले में पड़े हैं अनाज : बजरंग गर्ग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने खरीद सीजन को लेकर अधूरी तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। गर्ग ने कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते प्रदेश की मंडियों में लाख टन सरसों और गेहूं की फसल पड़ी है। बारिश के चलते इससे फसलों के खराब होने की आशंका है, कई जिलों में तो काफी मात्रा फसलें भीग चुकी हैं। गर्ग ने कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही 13 से 15 अप्रैल तक मौसम खराब होने व बारिश होने की संभावना बता रहा था। उसके बावजूद भी सरकार ने मंडियों में पड़ी लाखों टन सरसों व गेहूं की खरीद व उठान नहीं किया। बजरंग गर्ग ने कहा कि किसान अपनी सरसों बेचने के लिए 20 दिनों से मंडियों में धक्के खा रहे है और लाखों टन सरसों व गेहूं आज भी मंडियों में पड़ा है। सरकार को तुरंत प्रभाव से किसान की सरसों 5650 रुपए एमएसपी पर खरीद करके उसका उठान करवाना चाहिए और मंडियों में सरसों व गेहूं खरीद, उठान व किसान के भुगतान तुरंत प्रभाव से करें।