5 फरवरी शाम 6 बजे से 9 फरवरी सुबह 9 बजे तक नहीं मिलेंगी ई-सेवाएं
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। ई-गवर्नेंस मोबाइल एप्लीकेशन ‘आई एम चंडीगढ़’ क्लाउड माइग्रेशन के चलते अस्थायी रूप से बंद रहेगा। यह ऐप 5 फरवरी को शाम 6 बजे से 9 फरवरी को सुबह 9 बजे तक नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं होगा। इस दौरान ऐप से जुड़ी सभी सेवाएं बाधित रहेंगी।
प्रशासन के अनुसार यह अस्थायी बंद माइग्रेशन के दूसरे चरण के तहत किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म को माइक्रोसॉफ्ट एज्योर क्लाउड से हटाकर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) डेटा सेंटर में स्थानांतरित किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि माइग्रेशन का उद्देश्य सिस्टम को और अधिक सुरक्षित, मजबूत और प्रभावी बनाना है, ताकि भविष्य में नागरिकों को बेहतर और निर्बाध डिजिटल सेवाएं प्रदान की जा सकें। माइग्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 9 फरवरी को सुबह 9 बजे से ऐप की सभी सेवाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी।