चंडीगढ़। डीएसपी सेंट्रल गुरमुख सिंह ने सेक्टर-11 में दवा की दुकानों में चोरी की घटना के बाद मार्केट वेल्फेयर एसोसिएशन के साथ बैठक की। डीएसपी ने दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और चौकीदार रखने का सुझाव दिया। उन्होंने पीसीआर और सेक्टर-11 पुलिस को मार्केट और सेक्टर में पेट्रोलिंग बढ़ाने के आदेश दिए।
बीते दिनों सेक्टर-11 में दो मेडिकल स्टोर में घुसकर चोरों ने दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी, जबकि एक घंटे तक पीसीआर दुकान के बाहर खड़ी रही। चोर रात एक बजकर 14 मिनट पर दुकान में घुसा और 2 बजकर 28 मिनट पर बाहर आया। हैरानी की बात यह है कि पीसीआर गाड़ी के साथ पुलिसकर्मी एक बजकर 20 मिनट पर मेडिकल स्टोर के बाहर पार्किंग में खड़े थे। पीसीआर की गाड़ी 2 बजकर 32 मिनट पर वहां से गई। इस समय के बीच चोर ने तीन दुकानों में वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 16 अगस्त की रात चोर एक बजकर 16 मिनट पर शोरूम नंबर 6 स्थित महादेव केमिस्ट में छत के रास्ते से ताला तोड़कर घुसा। आरोपी ने कपड़े से मुंह ढका हुआ था। उसने दुकान के गल्ले से 60 हजार रुपये नकदी निकाली और उसी रास्ते से बाहर चला गया। इसके बाद वह छत के रास्ते से ही शोरूम नंबर 12 में स्थित दुर्गा मेडिकोस में घुसा। उसने छत से अंदर घुसने के लिए ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहा। इसके बाद चोर इसी लाइन में स्थित चंडीगढ़ फार्मेसी में छत के रास्ते से ही अंदर घुस गया। वहां से उसने एक लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। इस घटना के बाद सेक्टर-11 में एक घर से 20 हजार रुपये चोरी हो गए। इसके अलावा सेक्टर-11 में एक गैस एजेंसी से तीन सिलिंडर चोरी हो गए थे। दुकानदारों के अनुसार सेक्टर-11 में मेडिकल स्टोर में पिछले चार माह में पांच बार चोरी हो चुकी है।