चंडीगढ़ पुलिस के इंस्पेक्टरों के बाद अब एक डीएसपी ने भी प्रमोशन की मांग के लिए केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) का दरवाजा खटखटाया है। डीएसपी सेंट्रल राम गोपाल ने ट्रिब्यूनल में दायर याचिका में उन्हें सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसपी) के पद पर प्रमोशन की अपील की है। डीएसपी की ओर से दायर याचिका में भारत सरकार, यूटी प्रशासक, प्रशासक के सलाहकार, गृह सचिव और डीजीपी चंडीगढ़ पुलिस को पार्टी बनाया गया है। ट्रिब्यूनल ने याचिका पर उक्त पक्षों को 22 दिसंबर के लिए नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
डीएसपी राम गोपाल की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि 16 सितंबर 2017 को डीजीपी चंडीगढ़ पुलिस की ओर से जारी आदेश को खारिज किया जाए। इसमें उनकी ओर से कहा गया है कि चंडीगढ़ में एसपी (नॉन आईपीएस) की कोई पोस्ट खाली नहीं है। इसका सीधा-सीधा मतलब है कि डीएसपी से एसपी (नॉन आईपीएस) की पोस्ट पर कोई प्रमोशन नहीं है।
साथ ही याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया है कि वर्ष 2009 में आईआरबी में नॉन आईपीएस एसपी की तीन पोस्ट स्वीकृत हुई थी। वर्तमान में इनमें से दो पद खाली हैं। उनका कहना ह ैकि चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस सर्विस रूल्स फॉलो होते हैं। ऐसे में सबसे सीनियर और योग्य डीएसपी होने के नाते उन्हें आईआरबी की एसपी को रिक्त पोस्ट पर बतौर एसपी प्रमोशन दी जाए।