चंडीगढ़। सेक्टर-19 स्थित वाटिका स्कूल में हेरिटेज आम के पेड़ की सूखी टहनियों को प्रशासन ने शुक्रवार को कटवा दिया। टहनी के गिरने से स्कूल का गेट भी टूट गया। इन सूखी टहनियों को कटवाने के लिए लंबे समय से स्कूल प्रबंधन प्रशासन से गुहार लगा रहा था। अमर उजाला ने स्कूल की समस्या को लगातार प्रमुखता से छापा।
सेक्टर-19 स्थित वाटिका स्कूल में हेरिटेज पेड़ की सूखी टहनियां एक साल से स्कूली बच्चों के साथ-साथ वहां आने-जाने वाले राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई थीं। हेरिटेज श्रेणी में शामिल पेड़ की सही देखरेख न होने के चलते इसका ज्यादातर हिस्सा सूख गया था। विभाग द्वारा दौरा करने के बाद सूखी टहनियों को काटने फैसला लिया गया। वहीं, पेड़ को पूरी तरह से सूखने से बचाने के लिए उसकी जड़ों की सफाई करवाकर खाद डलवाई गई। प्रिंसिपल नीलम दत्ता ने बताया कि शुक्रवार को प्रशासन की तरफ से चार-पांच लोग आए, जिन्होंने टहनियों को काट दिया।