संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर कैंट के संसारपुर इलाके में एक दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने मासूम कुत्ते को बेरहमी से हॉकी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मोहल्ले की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
इस घटना की जानकारी देते हुए अंजू निवासी संसारपुर ने बताया कि उनके घर के बाहर कुछ कुत्ते रोज बैठते हैं, जिनकी देखभाल वह स्वयं करती हैं। बीती रात मोहल्ले के ही स्वर्णजीत सिंह उर्फ सोनी, जो शराब पीने का आदी बताया जा रहा है ने अचानक हमला कर दिया और हॉकी से एक कुत्ते को इस कदर पीटा कि उसकी मौके पर मौत हो गई। आरोपी ने अन्य कुत्तों को घायल करने की कोशिश की।
महिला ने बताया कि उन्होंने घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ मिलकर लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई है। शिकायत पत्र पर कई स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर हैं। जो इस क्रूरता के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जालंधर कैंट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।