चंडीगढ़। अपराध शाखा की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो किलो चरस के साथ गिरोह के चार शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मलोया की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के 22 वर्षीय मनीष, 19 वर्षीय मोनू, 19 वर्षीय रोहन और सेक्टर- 56 के 23 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। मनीष पर इससे पहले सेक्टर-36 और मलोया के थानों में तीन मामले पहले से दर्ज हैं। जिन पर दंगा करने, एनडीपीएस और धोखाधड़ी के मामले हैं। वहीं, मोनू को मलोया थाना पुलिस एनडीपीएस मामले में पकड़ चुकी है।
अपराध शाखा के डीएसपी उदय पाल ने बताया कि वीरवार को एएनटीएफ की टीम दिवाली को देखते हुए अपराध की रोकथाम को लेकर जीरी मंडी के पास नाका लगा गाड़ियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की कार में सवार युवकों ने पुलिस को देखा तो कार तेजी से भगा ली। पुलिस ने शक के आधार पर उनका पीछा किया और सेक्टर-7 की एक स्वीट शॉप के पास उसे रोक लिया। कार में से पुलिस को 2.104 किलो चरस मिली। इसके बाद कार सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर- 26 थाना पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के शातिर हिमाचल से सस्ते में चरस खरीद लाते थे और चंडीगढ़ समेत पंचकूला और मोहाली में महंगे दाम में बेचते थे। वहीं पूछताछ में पता चला कि यह सभी प्रकार के नशे बेचते थे। पुलिस ने गिरोह के सदस्यों का रिमांड लिया और उनसे नशे के स्रोत और आगे उन लोगों की जानकारी ली जा रही है।