चंडीगढ़। सेक्टर-55/56 स्थित डिवाइडिंग रोड के पास से क्राइम ब्रांच ने नशा तस्कर को 50 ग्राम हेरोइन के साथ किया है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पंजाब के बठिंडा के गांव मेहराज निवासी 50 वर्षीय दलजीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस-21 एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। टीम ने मंगलवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर हरिंद्र सिंह सेखों की अगुवाई में टीम बीते सोमवार देर शाम सेक्टर-55/56 डिवाइडिंग रोड स्थित कच्चा रास्ता के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान वहां से एक व्यक्ति पैदल गुजर रहा था। पुलिस टीम को देखकर उसने वापस मुड़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने शक पर व्यक्ति को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लिफाफे में 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने सेक्टर 39 थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया। टीम की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का नाम दलजीत है और वह कम दामों में नशा खरीदकर चार हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से शहर में सप्लाई करता था।