शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के लिए ड्रग क्वीन के नाम से कुख्यात बाला रानी के बाद एक और ड्रग क्वीन कमला (60 वर्ष) को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उसके पास से 20 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। वहीं क्राइम ब्रांच ने 40 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक और तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि डड्डूमाजरा कॉलोनी में एक महिला काफी समय से ड्रग्स का कारोबार कर रही है। पुलिस ने सूचना के आधार पर ट्रैप बिछाया तो उन्हें एक महिला सिर पर बोरी रखे आते दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोका और बोरी की तलाशी ली तो उसमें से गांजा बरामद हुआ। महिला की पहचान डड्डूमाजरा निवासी कमला देवी के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मलोया थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है। वहीं क्राइम ब्रांच ने डड्डूमाजरा निवासी विक्की को 40 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भी मलोया थाने में केस दर्ज किया गया है।
पूरा परिवार लगा है तस्करी में
पुलिस के अनुसार कमला देवी के परिवार के अन्य सदस्य भी इसी काम में लिप्त रहे हैं। इससे पहले फरवरी में कमला की बहू आरती को भी 520 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। हालांकि कोर्ट में गांजे की मात्रा 630 ग्राम निकली थी। इसके बाद पुलिस ने जून में कमला के बेटे गगन उर्फ गोगी को भी 460 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।
21 लाख कैश और 20 तोला सोना ले जाने का आरोप
कमला ने कोर्ट में पेशी के दौरान अदालत को बताया कि पुलिस ने उसे सुबह उसके घर से गिरफ्तार किया है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि पुलिस टीम उसके घर से 21 लाख रुपये कैश और 20 तोला सोना भी ले गई है।