पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। लगातार ड्रोन से नशीले पदार्थ की खेप पंजाब में भेजने में जुटा है। मुस्तैद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान उसके नापाक इरादों को ध्वस्त करने में जुटे हैं। मगर अब उसने नई चाल चलनी शुरू कर दी है। पहले जहां ड्रोन खेतों में हेरोइन फेंक रहे थे तो वहीं अब पाकिस्तानी तस्कर सीधे पंजाब के घरों तक हेरोइन ड्रोन से भेजने लगे हैं।
दो अक्तूबर की शाम पंजाब के तरनतारन जिले के गांव कलसियां खुर्द के पास बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि सुनी। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की। वहीं जवानों ने धान के एक खेत से नशीले पदार्थ का एक पैकेट और ड्रोन बरामद किया है। बरामद ड्रोन एक क्वाडकॉप्टर (मॉडल- डीजेआई मैट्रिस 300 आरटीके) है और यह चीन में बना है। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 2.7 किलोग्राम है।
ममदोट में ड्रोन ने घर में फेंकी हेरोइन
उधर, पाकिस्तान ड्रोन ने ममदोट के गांव चक भंगे वाला में रविवार रात किसी घर में हेरोइन के तीन पैकेट फेंके। उक्त परिवार ने इसकी सूचना बीएसएफ को दी। बीएसएफ ने हेरोइन अपने कब्जे में ले ली और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक 29 सितंबर को गांव चक भंगे वाला में आसमान में पाकिस्तानी ड्रोन मंडरा रहा था। बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तान लौट रहे ड्रोन पर फायरिंग की लेकिन वह सुरक्षित लौट गया। रविवार देर रात फिर से पाकिस्तान ड्रोन ने चक भंगे वाला में किसी घर में गलती से हेरोइन के पैकेट फेंके। आसमान से गिरे पैकेटों की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य भयभीत हो उठे। उन्होंने जब घर का प्रांगण देखा तो एक बड़ा पैकेट पड़ा था।
इसमें हेरोइन के तीन पैकेट थे। हेरोइन का वजन तीन किलो बताया जा रहा है। परिवार ने इसकी सूचना बीएसएफ अधिकारियों को दी। बीएसएफ अधिकारी और पंजाब पुलिस ने वहां पहुंचकर हेरोइन के पैकेटों को अपने कब्जे में लिया। बीएसएफ और पुलिस ने गांव में दोबारा रविवार हुई घटना के बाद ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है।