स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे वैन चालक की बुधवार सुबह रास्ते में अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। लेकिन मरते-मरते भी वह वह वैन में बैठे 15 बच्चों की जिंदगी बचा गया। जानकारी के अनुसार लुधियाना के दुगरी निवासी जसपाल सिंह काफी समय से रयान इंटरनेशनल स्कूल की वैन चला रहा था।
बुधवार सुबह वह स्कूली छात्रों को लेने के लिए निकला था। लगभग 15 छात्रों को वह अपनी वैन में बैठा चुका था। जैसे ही वह मोहन दाई अस्पताल के पास पहुंचा, अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा। उसने एकदम गाड़ी की गति धीमी कर उसे एक साइड पर कर दिया।
इससे पहले की ब्रेक लगाता, वह बेहोश हो गया। वैन सड़क के किनारे मिट्टी के ढेर में फंसकर रुक गई। घटना के बाद वैन में सवार बच्चों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास से लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने वैन चालक को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।