मोहाली। सोहाना थाने के अंतर्गत एक ऑटो चालक ने अपने साथियों के साथ एक व्यक्ति (सवारी) को पीटा और बाद में उसे चलते ऑटो से धक्का दे दिया। नीचे गिरा युवक अभी खुद को संभाल पाता पीछे से आ रहे एक अन्य ऑटो चालक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि जिस ऑटो के चालक व उसके साथियों ने सवारी को चलते ऑटो से नीचे फेंका, वह शराब के नशे में थे। मृतक की पहचान सराजुद्दीन सिदकी निवासी सहारनपुर यूपी के रूप में हुई है। यह वारदात मृतक के सगे भाई के सामने हुई है, वह भी अपने भाई के साथ ऑटो में सवार था। सराजुद्दीन सोहाना में अपने भाई शमीम के साथ रहता था और फेज-11 में फॉरएवर कंपनी में नौकरी करता था।
इस मामले में सोहाना पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक व उसके साथियों के खिलाफ रोहित कुमार के बयान पर आईपीसी की धारा 304 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है। ऑटो चालक व उसके साथी फरार हैं। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली है। मृतक के भाई समीम ने बताया कि उसने ऑटो का नंबर पढ़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने के कारण वह उसे पढ़ नहीं सका।
सिराजुद्दीन अपने भाई शमीम व दो अन्य के साथ फेज-11 में फॉरएवर कंपनी में काम करता था। सोमवार को रात करीब 8 बजे सभी ने फेज-11 के बाबा वाइट हाउस से सोहाना अपने घर के लिए ऑटो पकड़ा। ऑटो चालक के अलावा उसमें उसके तीन साथी भी मौजूद थे और सभी ने शराब पी रखी थी। ऑटो चालक ने सोहाना जाने की जगह सेक्टर-79 की तरफ अपना ऑटो मोड़ दिया, जिस पर सिराजुद्दीन ने आपत्ति जताई और कहा कि जाना तो सोहाना है वह उन्हें गलत दिशा में ले जा रहा है। इस पर ऑटो चालक के साथी से उसकी बहस हो गई।
सिराजुद्दीन ने पुलिस को फोन करने के लिए जब जेब से अपना मोबाइल निकाला तो एक शराब के नशे में धुत युवक ने उसके मुंह पर थप्पड़ जड़ दिए। सभी सिराजुद्दीन से धक्का मुक्की करने लगे और उन्होंने सिराजुद्दीन को चलते ऑटो से नीचे गिरा दिया। इस दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ऑटो सिराजुद्दीन के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में मृतक के भाई शमीम ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी और पुलिस ने बयान दर्ज कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।