पैसा हारने के बाद लूट की गढ़ी कहानी, मालिक से कहा- बाइकसवार पैसा लूटकर ले गए, जांच की तो सच्चाई आई सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मोहाली सेक्टर-80 में रेमंड स्टोर मालिक ने अपने स्टोर मैनेजरों पर बैंक में जमा करवाने के लिए दी दो लाख की राशि जुए में हारने का आरोप लगाया है। स्टोर मालिक इंदरजीत सिंह बराड़ का आरोप है कि उनका पंचकूला व मोहाली सेक्टर-80 में रेमंड स्टोर है। 26 मार्च को उनके पंचकूला स्टोर का मैनेजर सादिक उनके पास आया और उन्होंने उसे 3.10 लाख रुपये दिए और कहा कि वह उसे सुबह बता देंगे कि उसे रकम किस बैंक में जमा करवानी है।
उसके बाद वह स्टोर के साथ बने रेस्टोरेंट में जाकर बैठ गए। करीब 20 मिनट बाद सादिक का फोन आया, जिसने कहा कि उनसे 3 लाख 10 हजार रुपये की रकम लूट ली गई है। वह तुरंत उनके पास पहुंचे तो जानकारी ली। वहां उनका सेक्टर-80 स्टोर का मैनेजर मंजीत भी मौजूद था। वह दोनों की लूट की कहानियां गढ़ने लगे। उन्हें शक हुआ तो उन्होंने पास के जूस वाले से पूछताछ की, जिसने बताया कि यहां ऐसी कोई लूट की वारदात नहीं हुई है।
उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर लूट की सूचना दी तो पीसीआर और सेक्टर-79 थाने से पुलिस मुलाजिम भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच उनके स्टोर के ऊपरी मंजिल पर दफ्तर में काम करने वाला व्यक्ति भी उनके पास आकर पूछताछ करने लगा। तो उसने कहा कि वह उसके दफ्तर में सीसीटीवी कैमरे है जो जूस की दुकान को भी कवर करते हैं जहां दोनों मैनेजर अपने साथ लूट की वारदात हुई बता रहे थे। उन्होंने जब सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो देखा कि दोनों मैनेजर आराम से जूस पी रहे हैं और मंजीत गाड़ी से पैसे निकालकर ले जा रहा है।
जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो सादिक ने बताया कि वह जूस की दुकान के पास जुआ खेल रहा था और जुए में राशि हार गया। उसने मंजीत को ही पैसे लाने के लिए कहा था। आरोपी 2 लाख रुपये जुए में हार गए थे, जिनसे 1 लाख 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। दोनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।