चंडीगढ़। शहर के 56 निजी गैर अल्पसंख्यक स्कूलों में एंट्री क्लास में आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित समूह (ईडब्ल्यूएस/डीजी) की 816 सीटों पर दाखिले के लिए शिक्षा विभाग मंगलवार को ड्रॉ निकालेगा। ऑनलाइन केंद्रीकृत तरीके से हो रही दाखिला प्रक्रिया में 2820 आवेदकों में से कंप्यूटराइज्ड तरीके से नाम आने वाले बच्चे चयनित किए जाएंगे।सेक्टर-9 स्थित शिक्षा विभाग के एनआईसी केंद्र में ऑनलाइन ड्रॉ प्रक्रिया करीब 11 बजे शुरू की जाएगी। इसमें जिला शिक्षा अधिकारी, उप निदेशक और एनआईसी सदस्य उपस्थित रहेंगे। विभाग ड्रॉ होने के बाद चयनित बच्चों की सूची जारी करेगा। अभिभावक शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://www.chdeducation.gov.in/ पर सूची को देख सकेंगे। सूची में नाम होने पर अभिभावकों को 12 मार्च तक संबंधित स्कूल में दाखिले के लिए बच्चे के दस्तावेज सत्यापित कराने होंगे। अभिभावक को मार्च तक बच्चे के दस्तावेज और स्कूल में सत्यापित करने होंगे। ऐसा न करने पर बच्चे का दाखिला रद्द किया जा सकता है।
देनी होगी दाखिले की पुष्टि सूची
स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने जानकारी दी कि 56 निजी स्कूलों को विभाग को 13 मार्च को एंट्री क्लास में ईडब्ल्यूएस के तहत हुए बच्चों के दाखिले की पुष्टि सूची देनी होगी। प्रक्रिया समाप्त होने के बाद स्कूलों में ईडब्ल्यूएस की सीटें खाली बचने पर दोबारा ड्रॉ निकाले जाएंगे। हालांकि इसका पता पहली प्रक्रिया समाप्त होने के बाद लग पाएगा।
दाखिला संबंधी परेशानी आने पर इन्हें करें संपर्क
दाखिला के दौरान अभिभावकों को कोई परेशानी आने पर वह दाखिला निगरानी समिति को संपर्क कर सकते हैं। समिति में शिक्षा विभाग से उप निदेशक-4 प्रभजोत कौर, जिला शिक्षा अधिकारी बिंदु अरोड़ा, डीईओ के दफ्तर में डीए और दो निजी स्कूलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। उप निदेशक प्रभजोत कौर से शिक्षा विभाग सेक्टर-9 और डीईओ बिंदु अरोड़ा से जिला शिक्षा कार्यालय सेक्टर-19 में मिल सकते हैं।