चंडीगढ़। पीजीआई के डॉ. रितेश अग्रवाल को चिकित्सा विज्ञान श्रेणी में शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें एलर्जी ब्रोंकोपुलमोन एस्परगिलोसिस (एबीपीए) के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए दिया गया है।
बता दें कि इस पुरस्कार का नाम काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (सीएसआईआर) के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. शांति स्वरूप भटनागर के नाम पर रखा गया है। डॉ. अग्रवाल इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पीजीआई के पहले फैकल्टी हैं। वे पिछले 10 वर्षों से इस खतरनाक सांस की बीमारी से जुड़ी खोज में लगे हुए हैं। उनकी सबसे महत्वपूर्ण खोज एबीपीए का उपचार है। इसके अलावा उन्होंने एंटीफंगल दवाओं पर भी दो अध्ययन किए हैं। उन्हें 2009 में आईसीएमआर कमल सतबीर पुरस्कार, 2011 में एनएसआई-स्कोपस युवा वैज्ञानिक पुरस्कार और साल 2012 में आईसीएमआर शकुंतला अमीर चंद पुरस्कार से सम्मनित किया जा चुका है। डॉ. रितेश अग्रवाल को यह सम्मान मिलने पर पीजीआई के निदेशक प्रो. जगतराम ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह पीजीआई के लिए गौरव की बात है।