नवजोत कौर सिद्धू और नवजोत सिंह सिद्धू।
- फोटो : अमर उजाला
जेल से रिहा होने के बाद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा को कम कर दिया गया था। अब उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब सरकार को निशाने पर लिया। डॉ. सिद्धू ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को संबोधित कर ट्वीट किया कि अगर उनके पति को कुछ होता है तो वह सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
डॉ. सिद्धू ने ट्वीट किया कि माननीय पंजाब के सीएम, उनके पति एक ऐसे नेता हैं, जिनके बहुत सारे समर्थक हैं। पंजाब के प्रति अपने प्रेम के कारण वह दिन-रात यात्रा कर रहे हैं। लॉरेंस बिश्नोई के एक बयान में नवजोत सिंह सिद्धू का जिक्र होने के बावजूद सरकार ने उनकी सुरक्षा में कटौती कर दी है। ऐसे में किसी भी नुकसान के सीधे तौर पर आप जिम्मेदार होंगे।
नवजोत कौर ने अपने दूसरे ट्वीट में सीएम मान पर आरोप लगाया है कि आप ने अपने प्रियजनों की सुरक्षा बढ़ा दी है लेकिन वह दूसरों के प्रति भी जिम्मेदार रहें। खासतौर से उनके प्रति जो राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं और सच्चाई के रास्ते पर चलते हैं। सीएम मान अहंकार को अपने दिमाग पर हावी न होने दें और गलत काम करने के लिए मजबूर न हों। गौरतलब है कि रोडरेज मामले में जेल जाने से पहले नवजोत सिंह सिद्धू के पास जेड प्लस सुरक्षा थी लेकिन रिहा होने के बाद उनकी सुरक्षा घटाकर वाई प्लस कर दी गई है।
'जो मूसेवाला के साथ हुआ, वही मेरे साथ हो रहा'
सुरक्षा घटाने पर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि जो मूसेवाला के साथ हुआ, वही मेरे साथ हो रहा है। वह चाहते हैं कि मैं घर से न निकलूं लेकिन मुझे किसी का भय नहीं है। पंजाब में कानून व्यवस्था डगमगा गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री बहुत कुछ कर सकते हैं लेकिन सरकार का ध्यान नहीं है। पुलिस कमजोर नहीं होती, उसको ऑर्डर कमजोर करते हैं।