पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर डॉ. जगदीप सिंह ने वरिष्ठ और 1998 बैच के पूर्व भारतीय सूचना सेवा (IIS) अधिकारी डॉ. हरमिंदर सिंह खोखर को डायरेक्टर लोक संपर्क के ओहदे पर तैनात किया। इस मौके पर डीन अकादमिक मामले प्रो. जसविंदर सिंह बराड़ और रजिस्ट्रार डॉ. देविंदरपाल सिंह सिद्धू ने भी डॉ. खोखर को बधाई दी।
डॉ. खोखर को पत्रकारिता एवं जन संचार के क्षेत्र में 32 साल का अनुभव है। उन्होंने 1993 में एक पंजाबी साप्ताहिक समाचार पत्र से अपने करियर की शुरुआत की, जहां उन्होंने संपादक, मुद्रक और प्रकाशक के रूप में काम किया। 1998 में यूपीएससी द्वारा भारतीय सूचना सेवा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) में सेवाएं दीं।
वर्ष 2001 में डॉ. खोखर ने पंजाबी यूनिवर्सिटी में सहायक जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला और 2014 में जनसंपर्क अधिकारी पद पर पदोन्नत हुए। 2022 में उन्हें वरिष्ठता को देखते हुए विश्वविद्यालय विज्ञान उपकरण केंद्र (यूएसआईसी विभाग) का प्रभारी भी बनाया गया। डॉ. खोखर की शिक्षा सरकारी हाई स्कूल, गांधी नगर, पटियाला से प्रारंभ हुई। इसके बाद उन्होंने बीए (ऑनर्स) और एमए (इतिहास) सरकारी महिंद्रा कॉलेज, पटियाला से पूरी की और पंजाबी यूनिवर्सिटी से एलएलबी किया।वाइस-चांसलर डॉ. जगदीप सिंह ने कहा कि डॉ. खोखर के लंबे अनुभव से यूनिवर्सिटी को लाभ होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि संस्थाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनुभवी और काबिल अधिकारियों की लीडरशिप बेहद आवश्यक है।