आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. दलजीत सिंह ने कहा कि मां-बेटे की सरकार वाला भाषण पंजाब में देते समय नरेंद्र मोदी यह तो याद रखते कि यहां उनके सहयोगी बादल के पूरे खानदान की सरकार है।
जन सभा को संबोधित करते हुए डॉ. दलजीत ने कहा कि यह अजब ही नहीं गजब भी था। मोदी हठधर्मी से पंजाब भर में उसी बादल की प्रशंसा करते रहे, जिसने पूरे पंजाब को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
बादल, उनका बेटा सुखबीर, बहू हरसिमरत, बहू का भाई बिक्रम सिंह मजीठिया और दामाद आदेश प्रताप सिंह कैरों ने तो पूरा पंजाब जैसे आपस में ही बांट लिया हो। क्या यह सब अरुण जेटली और मोदी की निगाहों से छुपा हुआ है।
डॉ. दलजीत ने कहा कि कल अमृतसर में मोदी यह तो खूब बोले कि यहां बेहद गंदगी और बदबू है लेकिन यह नहीं देख सके कि यहां पिछले 7 साल से उनकी ही पार्टी की सरकार है।
मोदी ने कहा कि मैं आपके लिए केवल कर्मचारी बनना चाहता हूं। वे भूल गए कि सफाई करने वाला झाडू तो आप का चिन्ह है, सफाई अब हम करेंगे।
उन्होंने कहा कि मोदी ने अमृतसर से लोगों को अपील करते हुए यह कह डाला कि जेटली तो वोट असल में मोदी को वोट होगा जैसे जेटली की अपनी कोई बिसात ही नहीं। यह सच भी है जो मोदी के मुंह से निकल ही गया।
मोदी इसी तरह खुले आम देश भर में सिर्फ अपने नाम से लोगों से वोट मांग रहे हैं। इससे वह अपने सामने बीजेपी के सारे नेताओं को ही नहीं, पार्टी को भी छोटा करके दिखा रहे हैं।