चंडीगढ़। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में रेजिडेंट डॉक्टर्स फेस्ट जेनिथ के दूसरे दिन डॉक्टरों और विद्यार्थियों के गायन प्रदर्शन समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। चिकित्सा पेशेवरों ने आग रहित खाना पकाने, मास्टरशेफ प्रतियोगिता, मेहंदी लगाने और कहानी लेखन में अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
दिन का मुख्य आकर्षण डॉ. जगदीश चतुर्वेदी की हास्य प्रतिभा थी जो एक मास्टर ईएनटी सर्जन से हास्य अभिनेता बने हैं। डॉ. चतुर्वेदी ने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया। वहीं, दिव्या भट्ट के बैंड की प्रस्तुति और डीजे नाइट के साथ प्रतिभागी झूमते नजर आए। इस मौके पर प्रो. संदीप बंसल, डॉ. नवीन और डॉ. विपेंद्र ने कार्यक्रम के सितारों को सम्मानित किया। शुक्रवार को जेनिथ के तीसरे दिन फैशन शो, मॉडलिंग डिस्प्ले और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे।