चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर शौचालय का रेट बढ़ा दिया गया है। पहले जहां रेल यात्रियों से शौचालय के लिए दो रुपये चार्ज किए जाते थे। वहीं मंगलवार से पांच रुपये चार्ज किया जा रहा है। सबसे आश्चर्य वाली बात यह है कि रेलवे नियमों के मुुताबिक रेलवे स्टेशनों पर पेशाब करने को फ्री कर रखा है।
मंगलवार को पेशाब के लिए रेलवे स्टेशन के शौचालय में जाने वाले यात्रियों से आईआरएसडीसी की ओर से नियुक्त किए गए निजी कंपनी के मुलाजिमों ने पांच रुपये चार्ज किया। इसको लेकर रेल यात्रियों में रोष है। कुछ लोगों ने तो मंगलवार को इसका विरोध भी किया।
हालांकि अमर उजाला के संवाददाता ने इसकी पड़ताल की तो पाया कि शौचालय में एंट्री के लिए पांच रुपये चार्ज किया जा रहा था। इसके बाद मौके पर मौजूद मुुलाजिम से पूछा गया तो उसने बताया कि पेशाब के लिए शौचालय में जाने वालों से पैसा नहीं लिया जा रहा है, लेकिन यात्री अपने मन से एंट्री फीस दे रहे हैं, तो हमारी तरफ से उन्हें मना नहीं किया जा रहा है। बाकायदा उनसे चार्ज ले रहे हैं।
रेलवे स्टेशन परिसर में बनाया टूर एंड ट्रेवल्स वालों का केबिन
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग काउंटर के सामने टूर एंड ट्रेवल्स वालों के लिए अलग से केबिन बनाया गया है। इससे फायदा के जगह रेल यात्रियों का नुकसान होगा क्योंकि टूर एंड ट्रेवल्स एजेंट प्लेटफार्मों तक यात्रियों को लेने के लिए जाते हैं। इनके साथ साथ जेबकतरों की राहें भी खुल जाएंगी। अब वो भी बिना किसी चेकिंग के प्लेटफार्मों पर रेल यात्रियों की जेब काटेंगे।