चंडीगढ़ सेक्टर-15डी में बुधवार रात हिंदुस्तान स्टूडेंट एसोसिएशन (एचएसए) से जुड़े दो छात्रों की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार आशु नैन और अंकित नरवाल के बीच लड़ाई की एक वजह गर्लफ्रेंड भी है। पुलिस को शक है कि कहीं दोनों छात्रों की हत्या के पीछे की वजह कोई लड़की तो नहीं है, ऐसे में पुलिस अब इस हत्या को लड़की के एंगल से जोड़कर भी देख रही है। हालांकि, पुलिस आला अधिकारियों का कहना है कि अंकित नरवाल की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा होगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में खुलासा हुआ है कि दो छात्रों की हत्या वाले दिन अंकित नरवाल अपनी पोलो कार में सवार होकर आशु नैन का पता पूछता रहा। जबकि हत्या करने के बाद हत्यारे मौके से हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार से मौके से फरार हुए। इसके बाद थोड़ी दूर आगे जाकर ये हत्यारे दूसरी कार में सवार होकर भाग निकले। पुलिस उन चौकों और लाइट प्वाइंट के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है। हत्याकांड दो से तीन हत्यारे के नाम सामने आ चुके हैं।
वहीं, थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीम अंकित को दबोचने के लिए सोनीपत, रोहतक, जींद, पानीपत और गोहाना में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि वह अपने घर से भी फरार है। पुलिस अंकित नरवाल का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाकर उसका लोकेशन जुटाने में जुटी हुई है।
लॉरेंस का करीबी है अंकित नरवाल
पुलिस सूत्रों के अनुसार अंकित नरवाल गैंगस्टर लॉरेंस और संपत नेहरा का करीबी है। पुलिस ने शक जताया है कि हो सकता है कि लॉरेंस या संपत के इशारे पर दोनों छात्रों की हत्या हुई हो। पुलिस इन सभी मामलों में जांच के अलावा सेक्टर 49 में हुई हत्या की भी जांच कर रही है। आशु नैन को सेक्टर 49 के फ्लैट में मारे गए विशाल चिल्लर व उनके साथी का जानकार बताया जा रहा है, ऐसे में पुलिस सेक्टर 49 में हत्या के केस को भी उधेड़ने में जुटी है।
यह था मामला
बीती बुधवार रात सवा दस बजे सेक्टर 15डी स्थित मकान नंबर 3556 में तीन से चार आरोपियों ने विनीत और अजय से आशु नैन के बारे में पूछा। उन्होंने आशु के बारे में कुछ बताने से मना किया तो आरोपियों ने दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या कर दी, जबकि इस बीच चादर ओढ़कर सो रहे उनके साथी मोहित पुनिया की जान बच गई। पुलिस जांच में आरोपियों ने कुल 11 गोलियां बरसाई थीं, जिसमें से 9 खोखे और 2 कारतूस बरामद हुए थे। सेक्टर 11 थाना पुलिस ने मोहित पुनिया की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ 302, 34 और ऑर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।