मनीमाजरा।
मनसा देवी रोड स्थित जामा मस्जिद में बने मदरसे में पढ़ने वाले 12 साल के बच्चे मोनीन को कुत्ते ने टांग पर काट लिया। प्रिंसिपल मौलाना इमरान ने बताया कि मसजिद के बाहर हमेशा कुत्ते घूमते रहते हैं। जो बच्चों को शिकार बना लेते हैं। ढाई महीने पहले यहां कुत्ते ने बच्चे को काट लिया था। शिवालिक गार्डन से लेकर मनीमाजरा के मेन बाजार में घूमने वाले कुत्तों से हर कोई खौफजदा है। मेन बाजार, किले के आसपास, मस्जिद के पास और शिवालिक गार्डन में कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। सत्यमेव जयते वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन राजकुमार सैनी और चंडीगढ़ युवा एसोसिएशन के प्रधान अंकित अरोड़ा ने बताया कि पार्क में कुत्तों के कई झुंड है जो आपस में लड़ते हुए कई बार सैर करने वालों को भी काट लेते हैं। गार्डन में तैनात बागवानी विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि वह कुत्तों को वहां से भगाते हैं, लेकिन पार्क की एंट्री का गेट थोड़ा सा खुला होने के चलते वह वापस अंदर आ जाते हैं।