चंडीगढ़। 365 दिन हम सब की सेवा में डॉक्टर तत्पर पर रहते हैं। आज डॉक्टर्स डे पर हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। यह बात चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने कही। यह अवसर था सेक्टर 35 स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर आयोजित सम्मान समारोह का। रोटरी क्लब के सहयोग से करवाए गए कार्यक्रम में मेडिकल फील्ड में सराहनीय काम करने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल मुख्य अतिथि रहे। धर्मपाल ने मानवता की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले डॉक्टरोंं को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसमें पीजीआई के पूर्व निदेशक प्रो. बीएनएस वालिया, प्रो. जगतराम और जीएमसीएच 16 में गायनी विभाग की पूर्व प्रमुख व भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत ज्ञानी जैल सिंह की बेटी डॉ. गुरदीप कौर शामिल रहीं। इसके साथ ही पीजीआई, जीएमसीएच-32 और निजी क्षेत्र के 20 अन्य डॉक्टरों को उनके सराहनीय काम के लिए पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर मनोनीत पार्षद डॉ. आरएस बेदी ने कूड़ा निस्तारण, मेट्रो और स्वच्छ ऊर्जा पहल के लिए अग्रणी कदम उठाने के लिए राज्यपाल को बधाई दी। आईएमए सचिव डॉ. विवेक मल्होत्रा ने बताया कि कार्यकाल के दौरान रोटरी क्लब और आईएमए के संयुक्त प्रयासों से रक्तदान शिविर में 60 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। रोटरी क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के अध्यक्ष सुनील कंसल ने समाज में डॉक्टरों की भूमिका पर प्रकाश डाला, विशेषकर भारतीय डॉक्टरों की, जो अपने समर्पण और कौशल के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं।