चंडीगढ़। दसवीं बोर्ड की परीक्षा शुरू होने में सिर्फ दो महीने बचे हैं। गणित कई विद्यार्थियों को आसान लगता है तो वहीं कई के लिए यह हमेशा चुनौती बना रहता है। चूंकि इस विषय को याद भी नहीं कर सकते हैं, इसलिए हमेशा चिंता रहती है कि कैसे तैयारी की जाए। इसके लिए शिक्षा विभाग की गणित विशेषज्ञ गुरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों के लिए टिप्स दिए हैं। इन बातों को ध्यान में रखकर विद्यार्थी आसानी से अच्छे अंक हासिल कर सकते हैं। गुरप्रीत ने बताया कि गणित विषय अभ्यास पर आधारित है। जितना विद्यार्थी सवालों को कॉपी पर हल कर अभ्यास करेगा, उतना ही उसका गणित अच्छा होगा।
इन्हें जरूर पढ़ें
- गणित में अध्याय 1, 2, 3, 7, 8, 9, 11, 14 और 15 आसान और इनसे प्रश्न भी ज्यादा अंक के पूछे जाते हैं। इन्हें पहले अच्छे से तैयार करें।
- अगर ज्योमेट्री कठिन लग रही है तो केवल थ्योरम और कंस्ट्रक्शन ही तैयार कर लें।
- सभी अध्यायों के सूत्र लिखकर याद कर लें और चार्ट बनाकर पढ़ने के स्थान पर चिपका लें।
- केस स्टडी से चार प्रश्न 16 अंकों के आएंगे। इसलिए विद्यार्थी इसे जरूर तैयार करें, क्योंकि यह प्रश्न पत्र का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा है।
ऐसे करें तैयारी
1. अभी सभी स्कूलों में प्री-बोर्ड की परीक्षा शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी परीक्षा में जरूर बैठें, क्योंकि यह बोर्ड के संशोधित पाठ्यक्रम पर आधारित होगा और विद्यार्थियों का अंतिम परीक्षा से पहले मूल्यांकन भी हो जाएगा।
2. गणित की परीक्षा अभ्यास पर निर्भर करती है, इसलिए विद्यार्थी सवालों को पढ़ने या याद करने की बजाय उन्हें कॉपी पर हल करें।
3. जिन सवालों को हल करने में कठिनाई हो रही है। उसके सूत्रों पर आधारित वैसे ही कई सारे सवाल हल करें। इससे सूत्र अच्छे से समझ आ जाएगा और पेपर में वैसा कोई सवाल आने पर हल करने में परेशानी नहीं होगी।
4. सीबीएसई की ओर से इस वर्ष हटाए हुए पाठ्यक्रम पर काटा लगा दें। बचे हुए पाठ्यक्रम पर आधारित पिछले पत्रों से सवाल हल करें। जितने प्रश्न पत्र हल करेंगे उतना आत्मविश्वास बढे़गा।
5. गणित विषय केलिए रोजाना कम से कम एक घंटा निकालें। एक बार समझ आने केबाद गणित रुचिकर विषय लगने लगता है। इससे विद्यार्थियों का दूसरे विषय का तनाव भी खत्म होगा।
6. अगर किसी विद्यार्थी को गणित कठिन लगता है तो वे दोस्तों के साथ ग्रुप बनाकर पढ़ाई कर सकते हैं।