इस बार दिवाली पर अपनों को स्पेशल गिफ्ट देने के लिए एक खास चीज आई है। दाल के आसमान छूते दामों ने उसे ड्राई फ्रूट्स की तरह गिफ्ट आइटम बना दिया है।
शहर में कुछ स्टोर ड्राई फ्रूट्स के साथ दालों के भी गिफ्ट पैक बेच रहे हैं। जीरकपुर स्थित बेस्ट प्राइस में इस तरह की गिफ्ट आइटम उपलब्ध हैं। अब आप दीपावली पर अपनों को खुश करने के लिए दाल का गिफ्ट पैक भी दे सकते हैं।
ढाई किलो दाल के इन गिफ्ट पैक की कीमत 222 और 285 रुपये है, जबकि इसमें पांच आधा-आधा किलो दालें पैक की गईं हैं। ग्राहकों का कहना है कि दाल का गिफ्ट पैक खरीदना फायदे का सौदा है क्योंकि इसमें कुछ बचत भी हो जाएगी और गिफ्ट लेने वाला भी खुश हो जाएगा।
इस दिवाली गिफ्ट के तौर पर ड्राई फ्रूट्स देना काफी महंगा पड़ रहा है। पिछली दिवाली के मुकाबले में इस बार ड्राई फ्रूट्स के रेट में 20 से 30 प्रतिशत की तेजी है। सिर्फ अखरोट गिरी में जरूर राहत है। अखरोट इस बार एक हजार से 1200 रुपये किलो में बिक रहा है जबकि पिछली बार यह रेट 1400 रुपये किलो था।
ड्राई फ्रूट्स महंगे होने से इसके गिफ्ट पैक की सेल पर भी असर पड़ रहा है। इस समय सबसे छोटा ड्राई फ्रूट के डिब्बे की कीमत 250 से 300 रुपये है, जिसमे मात्र 200 ग्राम ही ड्राई फ्रूट्स होता है।
ऐसा भी कर सकते है आप
अगर आप चाहे तो आप कुछ मेहनत करके ड्राई फ्रूट्स का गिफ्ट पैक सस्ता भी कर सकते हैं। अगर आप ने कई लोगों को ड्राई फ्रूट्स गिफ्ट के तौर पर देना है तो आप चाहें तो खाली डिब्बा खरीद कर उसमें ड्राई फ्रूट्स डालकर गिफ्ट पैक करें। बाजार में पैकिंग के खाली डिब्बे भी 20 से 50 रुपये में बिक रहे हैं।