चंडीगढ़। प्रतिभा सीमाओं में नहीं बंधी होती। इस बात को विवेक हाई स्कूल की दिविता जुनेजा ने साबित कर दिया है। उन्होंने एक्टिंग और थियेटर के साथ ही पढ़ाई में भी अपने झंडे गाढ़े हैं। सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में वह ह्यूमैनिटीज ग्रुप में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में अव्वल रही है। उसके ‘नौंक-झौंक’, ‘राखी’, ‘द्रोपदी संवाद’ आदि नाटक भी रिलीज हो चुके हैं।
दिविता का एक गीत ‘नई सुबह आएगी’ कोरोना काल में ही रिलीज हुआ। इस गीत ने मीडिया और लोगों की खूब तारीफ बटोरी। इतना ही नहीं, उसे कथक नृत्य के लिए भी स्कूल में सम्मानित किया जा चुका है। दिविता के पिता डॉ. संजीव जुनेजा दिविसा हर्बल केयर के संस्थापक हैं। उसने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय स्कूल शिक्षकों, अपने परिवार एवं दोस्तों को देते हुए कहा कि कभी भी किसी ने उन पर अपेक्षाओं का बोझ नहीं डाला। वहीं शिक्षकों ने हर समय उसकी मदद की और उसकी समस्याओं के समाधान दिए।
टाइम टेबल बनाकर पाया मुकाम
दिविता ने बताया कि इस मुकाम को पाने के लिए उसने सुबह उठने से लेकर रात सोने तक पढ़ाई और हॉबी से लेकर अपनी हर चीज का टाइम टेबल निर्धारित किया हुआ था। व्यस्तता के बावजूद उसने नियमित पढ़ाई का सिलसिला कभी टूटने नहीं दिया।
टीचर्स और परिवार ने किया फुल सपोर्ट
दिविता भविष्य में ग्रेजुएशन करने के अलावा एक्टिंग में अपना करिअर बनाकर चंडीगढ़ का नाम रोशन करना चाहती है। वह याद करते हुए बताती है कि इस साल परेयर मीटिंग में उसकी शार्ट फिल्म को पूरे स्कूल के सामने दिखाकर उसके काम की तारीफ की गई। स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती रेनू पुरी ने दिविता को उसकी कामयाबी पर और स्कूल का नाम रोशन करने पर बधाई दी।