जिला प्रशासन ने कैंसर से पीड़ितों मरीजों को इलाज के लिए अब तक दो करोड़ 43 लाख रुपये की राशि मुख्यमंत्री कैंसर राहत फंड से जारी की है। जिले में कुल 171 कैंसर के मरीज हैं। जिनमें से 162 को यह राहत राशि दी जा चुकी है। प्रत्येक मरीज को डेढ़ लाख रुपये दिए गए हैं। यह जानकारी डीसी तजिंदर पाल सिंह सिद्धू ने बुधवार को यहां दी।
उन्होंने बताया कि कैंसर पीड़ितों को दी जाने वाली राहत के लिए 171 अर्जियां आई थीं। इसमें से 162 कैंसर मरीजों को वित्तीय सहायता दी जा रही है। शेष रहते नौ मरीजों को 13 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जल्दी ही दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि बच्चों में होने वाली बीमारियों पर तुरंत रोका जा सके। इसके लिए स्कूल हेल्थ योजना तहत बच्चों का मेडिकल चैकअप कराया जा रहा है। रूरल हेल्थ योजना के तहत सरकारी एवं मान्यता प्राप्त गैर सरकारी स्कूलों में जो बच्चे कैंसर, सीएचडी एवं आरएचडी से पीड़ित होते हैं।
उनका इलाज पीजीआई में मुफ्त कराया जा रहा है। जननी सुरक्षा योजना तहत गरीब परिवारों के बच्चा पैदा होने के बाद वित्तीय सहायता दी जा रही है। अब तक जिले में 49 लाख 31 हजार रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। 3617 के करीब ग्रामीण परिवारों को बीमा योजना के तहत कार्ड बनाए गए हैं।
आम आदमी बीमा योजना के तहत तीस हजार से 75 हजार तक की बीमा योजना शुरू की गई है। साथ ही 42 हजार परिवारों को स्मार्ट कार्ड जारी किए गए हैं। इसके तहत 30 हजार रुपये तक का मुफ्त इलाज नामवर अस्पतालों में किया जाएगा। ग्रामीण एरिया के लोगों के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा शुरू की गई है।