चंडीगढ़। यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए हैं कि अधिकारी कोरोना सुरक्षित पर्यटन की संभावनाएं तलाशें। इसी कड़ी में शनिवार को पर्यटन विभाग ने रॉक गार्डन के बाहर एक टीकाकरण शिविर का आयोजन किया, जिसमें 66 लोगों को टीका लगाया गया।
इसके साथ विभाग नेे मास्क बांटे और सामाजिक दूरी के नियमों के पालन के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। पर्यटन विभाग की निदेशक नितिका पवार ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से अभी लोगों को जागरूक करने का ही काम किया जा रहा है। शनिवार को वालंटियर्स ने मास्क बांटने के साथ पोस्टर बैनर के माध्यम से उन्हें जागरूक किया। आने वाले दिनों में अन्य पर्यटक स्थलों के बाहर भी टीकाकरण शिविर और मास्क बांटने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कोरोना सुरक्षित पर्यटन की संभावनाएं तलाश कर उसके अनुरूप कार्ययोजना बनाई जा रही है।