चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी में बुधवार सुबह दो दुकानदार बाहर बेंच रखने के विवाद के बाद आपस में भिड़ गए। एक दुकानदार ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया जिसमें उसकी मौत हो गई। बीचबचाव करने आई मृतक की पत्नी को भी चाकू लग गया, उसकी भी हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बापूधाम कॉलोनी में दोनों दुकानदारों की गिफ्ट शॉप है। मृतक दुकानदार की पहचान अवतार सिंह (37) के रूप में हुई है जबकि हत्या के आरोपी की पहचान जयकिशन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-26 थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 11 बजे की है। अवतार सिंह और जय किशन की बापूधाम फेज-एक में खिलौने दुकान है। इनके बीच पहले भी झगड़ा चल रहा था। इसी बीच बुधवार को दुकान के बाहर बेंच रखने को लेकर बहस हो गई। इसके बाद आरोपी जय किशन ने चाकू से अवतार सिंह के ऊपर हमला कर दिया। जब उसकी पत्नी भाग कर बीच बचाव में आई तो उसे भी चाकू लग गया जिससे दोनो खून से लथपथ हो गए। आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने खून से लथपथ पति-पत्नी को इलाज के लिए सेक्टर-16 के अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अवतार को मृत घोषित कर दिया जबकि पत्नी को पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच करने के लिए पहुंची।