चंडीगढ़। शहर में विकास कार्यों की निगरानी और नागरिक सुविधाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। होम सेक्रेटरी-कम-सेक्रेटरी लोकल गवर्नमेंट मंदीप सिंह बराड़ ने वीरवार को नगर निगम अधिकारियों को सभी प्रोजेक्ट साइट पर सूचना डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। बोर्ड पर परियोजना से जुड़ी अहम जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
प्रत्येक बोर्ड पर प्रोजेक्ट का नाम, एजेंसी या ठेकेदार, काम आवंटित होने की तारीख, शुरू होने की तारीख और निर्धारित पूर्णता तिथि दर्ज होगी। अवधि बढ़ने पर संशोधित समयसीमा भी बतानी होगी। साथ ही अनुमानित लागत, मौजूदा और वित्तीय प्रगति तथा काम में आ रही प्रमुख अड़चनों का उल्लेख किया जाएगा। इससे लोगों को प्रोजेक्ट की वास्तविक स्थिति और देरी के कारण की जानकारी मिल सकेगी।