चंडीगढ़। सेक्टर 35 के निजी होटल में शनिवार को हर्निया सर्जरी पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। इसका आयोजन हर्निया सोसाइटी ऑफ इंडिया ने एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (पंजाब चैप्टर) के साथ मिलकर किया। पहले दिन कई वैज्ञानिक सत्र हुए। इनमें सर्जिकल सेशन, पैनल चर्चा और शोध प्रस्तुतियां शामिल रहीं। डॉक्टरों ने लेप्रोस्कोपिक और रोबोटिक हर्निया सर्जरी की नई तकनीकों पर चर्चा की।
सम्मेलन के चेयरमैन और मोहाली निजी अस्पताल के वरिष्ठ रोबोटिक सर्जन डॉ. अनुपम गोयल ने कहा कि यह मंच देशभर के बेहतरीन सर्जनों को एक साथ लाता है। यहां सीखने के साथ-साथ नए विचार और अनुभव साझा किए जाते हैं। इस सम्मेलन में करीब 400 विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। इनमें 250 क्षेत्रीय डॉक्टर, 100 राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ और 75 उद्योग से जुड़े लोग हैं। भारत सरकार के पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. प्रदीप चौबे भी इस सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह सम्मेलन हर्निया सर्जरी के क्षेत्र में नई तकनीकों और बेहतर इलाज के तरीकों को बढ़ावा देने में मदद करेगा।