हरियाणा भाजपा में डिनर डिप्लोमैसी शुरू हो गई है। गुड़गांव से सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के डिनर से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने आवास पर विधायकों को डिनर के लिए बुला लिया है। मंगलवार शाम छह बजे सीएम ने विधायकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक विभागीय कमेटियों को लेकर बुलाई गई है, लेकिन बैठक के बाद सीएम आवास पर सभी विधायकों का रात्रिभोज है।
मालूम हो कि राव इंद्रजीत सिंह ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर सात अगस्त को दक्षिण हरियाणा के सभी विधायकों को डिनर पर बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक राव इंद्रजीत के निमंत्रण में हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा और भिवानी से सांसद धर्मवीर को भी बुलाया गया है। धर्मवीर का जाना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि रामबिलास भी राव के डिनर जा सकते हैं।
अगर रामबिलास डिनर में जाते हैं तो यह चर्चा का विषय बन जाएगा, क्योंकि पिछले दिनों ही रामबिलास से सरकार ने खाद्य आपूर्ति और परिवहन मंत्रालय छीन लिए हैं। मंत्रालय छीने जाने के बाद से अंदरूनी तौर पर रामबिलास नाराज चल रहे हैं। उनके एक बयान से नाराजगी जाहिर भी हो चुकी है। रामबिलास ने पिछले दिनों मीडिया में एक बयान दिया था कि उन्हें ग्राहक नहीं मिला नहीं तो वे शिक्षा विभाग भी देने को तैयार थे।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री आवास पर दिए जा रहे प्रीतिभोज के कई सियासी मायने होंगे। जहां इस प्रीतिभोज को सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं एक तरह से यह शक्ति प्रदर्शन भी होगा।