वरिष्ठ आईपीएस अफसर दिनकर गुप्ता को पंजाब के नए डीजीपी के रूप में नियुक्त किया गया है। दिनकर गुप्ता 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। दिनकर गुप्ता सुरेश अरोड़ा की जगह लेंगे। आज शाम चार बजे दिनकर गुप्ता बतौर डीजीपी पंजाब पुलिस मुख्यालय में अपना पदभार संभालेंगे।
बता दें कि पंजाब सरकार द्वारा नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए भेजे गए पैनल में आईपीएस सामंत गोयल, मोहम्मद मुस्तफा और दिनकर गुप्ता के नाम शामिल थे। इन्हीं में से किसी एक अधिकारी को पंजाब पुलिस के डीजीपी का ओहदा सौंपा जाना था। इसके लिए सोमवार को नई दिल्ली में यूपीएससी की बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली।
बैठक के दौरान पंजाब के मुख्य सचिव करण अवतार सिंह और मौजूदा डीजीपी सुरेश अरोड़ा भी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य सरकार द्वारा भेजे पैनल में शामिल सभी अधिकारियों के पूर्व कार्यकाल की समीक्षा के साथ-साथ डीजीपी नियुक्ति के लिए तय नए नियमों के आधार पर विचार विमर्श किया गया था।
आखिरकार तीन अफसरों के नामों पर सहमति बनी। तीनों नाम पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास भेजे गए। सीएम अमरिंदर सिंह ने दिनकर गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी। हालांकि पहले से ही कयास थे कि 1987 बैच के पंजाब के मौजूदा डीजीपी इंटेलिजेंस दिनकर गुप्ता का नाम सबसे आगे है।
उन्हें प्रदेश में कई आतंकी मॉड्यूल और टारगेट किलिंग के मामले सुलझाने के लिए जाना जाता है। दिनकर गुप्ता की रिटायरमेंट 31 मार्च 2024 को होना है। डीजीपी की रेस में सामंत गोयल का नाम भी शामिल था। वे इस समय देश की प्रमुख खुफिया एजेंसी रॉ में दूसरे नंबर के अधिकारी हैं और रॉ के चीफ बनने की दौड़ में भी हैं।