फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहाली में कार से मिले 1.58 करोड़ के हीरे और सोने के गहने, दो लोग हिरासत में

Tue, 26 Mar 2019 01:12 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मोहाली (पंजाब)
विज्ञापन
मामले के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मोहाली के मटौर थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर को एक विशेष नाका लगाया था। इस दौरान एक कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो कार से करीब 1.58 करोड़ के हीरे और सोने के गहने बरामद हुए। पुलिस ने जब कार सवारों से गहनों से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे चंडीगढ़ व मोहाली के विभिन्न हिस्सों में ज्वेलर्स को सप्लाई करने के लिए गहने ले जा रहे थे। 

विज्ञापन


दस्तावेज पेश नहीं करने पर मटौर थाना पुलिस ने कार जब्त कर गाड़ी में सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही डीडीआर दर्ज कर गहनों और आरोपियों को इनकम टैक्स विभाग के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परविंदर सिंह (ड्राइवर) और जतिंदर (सुपरवाइजर) बीवीसी लॉजिस्टक कंपनी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-सात के रूप में हुई। एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

लिफाफों में पैक थे गहने, ज्वेलर्स के नाम की लगी थी पर्ची
जानकारी के मुताबिक, मटौर थाना पुलिस ने मार्केट के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां से एक मारुति ईको कार निकलने लगी, जिसे पुलिस ने संदेह के आधार पर रोक लिया। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें प्लास्टिक के लिफाफों में हीरे और सोने के गहने बरामद हुए, जिन पर विभिन्न ज्वेलर्स के नाम लिखे हुए थे लेकिन कार चालक गहनों के संबंध में कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इसके बाद मटौर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह की अगुवाई वाली टीम ने कार को कब्जे में ले लिया। साथ ही आयकर विभाग को सूचित किया। 

विज्ञापन

अगर 50 हजार से ज्यादा कैश या सामान है तो चाहिए बिल

जानकारी के मुताबिक, जिले में अब लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो चुकी है। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने पहले ही हिदायत दे रखी है कि 50 हजार से ज्यादा कैश लेकर कोई नहीं चल पाएगा। वहीं, इससे ज्यादा कैश व अन्य सामान लेकर कोई चलता है तो इस संबंधी पूरे दस्तावेज लेकर चलना होगा, वरना विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी पकड़ा जा चुका है सोना
जनवरी 2017 में मोहाली पुलिस ने एयरपोर्ट के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान जब दिल्ली से आ रही एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई तो कार से एक क्विंटल 60 किलोग्राम सोना बरामद हुआ था। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। यह सोना हिमाचल प्रदेश की रिफाइनरी में जा रहा था, लेकिन इस संबंधी वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए थे।

 इसके बाद पुलिस ने सोने को कब्जे में ले लिया था। साथ ही अदालत में जुर्माना भरकर सोना छोड़ा गया था। इसके अलावा पांच फरवरी 2019 चंडीगढ़ के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग द्वारा चार करोड़ 17 लाख रुपये का सोना पकड़ा गया था। यह सोना मुंबई से आया था। इससे पहले भी कई बार काफी मात्रा में सोना पकड़ा जा चुका है।
विज्ञापन

मुल्लांपुर बैरियर पर फार्च्यूनर से डेढ़ लाख रुपये बरामद

मुल्लांपुर बैरियर पर चेकिंग के दौरान सफेद रंग की फार्च्यूनर गाड़ी से डेढ़ लाख रुपये मिले हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी बॉर्डर एरिया पर एक अभियान चलाकर अधिकारियों की टीम जांच-पड़ताल कर रही है। सूत्रों के अनुसार यह राशि चंडीगढ़ के एक पूर्व डीएसपी के रिश्तेदार से बरामद की गई है। सारंगपुर थाना पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम ने मुल्लांपुर के पास नाका लगा रखा था। इस दौरान वहां से एक सफेद रंग की फार्च्यूनर गाड़ी चंडीगढ़ की ओर आ रही थी। जब अधिकारियों ने गाड़ी रोककर तलाशी ली तो डिग्गी में रखे सूटकेस से डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए। इसके बाद अधिकारियों और पुलिस टीम ने इसका वीडियो तैयार किया। इस संबंध में जब किन्नौर निवासी गुलाब सिंह से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी बहन आज ही विदेश से आई है, उसके खर्च के लिए यह रुपये लेकर आए हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें